Jio Book: रिलायंस जियो ने अपने पहले लैपटॉप Jio Book को इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2022) में लॉन्च किया है। अब इस लैपटॉप की कीमत का खुलासा हो गया है। कंपनी ने Jio Book को गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (GeM) पर भी लिस्ट कर दिया है। लैपटॉप में स्नैपड्रैगन का प्रोसेसर दिया गया है और इसमें जियो का ही ऑपरेटिंग सिस्टम है। चलिए जानते हैं लैपटॉप के फीचर्स और कीमत के बारे में…

Jio Book की कीमत
Jio Book को सिंगल ब्लू कलर में पेश किया गया है। इस लैपटॉप की कीमत 35,605 रुपये रखी गई है, लेकिन इसे GeM पर ऑफर्स के तहत 19,500 रुपये की कीमत पर लिस्ट किया गया है। हालांकि, कंपनी ने अब तक इस लैपटॉप की उपलब्धता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

Jio Book के फीचर्स
दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2022) में रिलायंस जियो ने अपने पहले लैपटॉप Jio Book को पेश किया है। Jio Book की बॉडी प्लास्टिक की है और इसमें 4जी का सपोर्ट दिया गया है। Jio Book में 11.6 इंच की डिस्प्ले है और इसकी बैटरी लाइफ 13 घंटे की है। Jio Book में स्नैपड्रैगन 665 प्रोसेसर दिया गया है। यह प्रोसेसर स्मार्टफोन में भी देखने को मिलता है। Jio Book में ग्राफिक्स के लिए Adreno 610 GPU मिलता है और इसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.0GHz है।

Jio Book में जियो ऑपरेटिंग सिस्टम का सपोर्ट है। jio Book में 32 जीबी स्टोरेज के साथ 2 जीबी की रैम मिलती है। पहली नजर में Jio Book, क्रोमबुक जैसा लगता है। इसके साथ विंडोज वाला कीबोर्ड मिलता है, हालांकि कीबोर्ड में विंडोज वाले बटन पर Jio लिखा मिलता है। वीडियो कॉलिंग के लिए Jio Book में एचडी कैमरा मिलता है।

Jio Book में माइक्रोसॉफ्ट एड ब्राउजर प्री-इंस्टॉल मिलेगा। इसके अलावा कैमरे के लिए शॉर्टकट बार भी मिलेगा। Jio Book के बैक पैनल पर जियो की ब्रांडिंग है। Jio Book के साथ कुछ प्री-इंस्टॉल जियो एप्स भी मिलेंगे। इसके साथ इसमें जियो क्लाउड पीसी का भी सपोर्ट है।Source